बस में चोरी हुई 4 5 लाख की सोने की चूड़ियां बरामद शातिर महिला गिरफ्तार
दुर्गापुर (तारकेश्वर राय ):यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कोक ओवन थाना पुलिस ने एक सराहनीय मिसाल पेश की है। बस सफर के दौरान एक महिला के बैग से चुराई गई लगभग 150 ग्राम सोने की चूड़ियाँ (कीमत करीब साढ़े 4 लाख रुपये) पुलिस ने महज़ कुछ ही दिनों के भीतर बरामद कर ली हैं और आरोपी महिला को धर दबोचा है।मामला है बीते 14 अगस्त को मुचीपाड़ा से अपने घर लौट रही रायडांगा निवासी बानू शेख जब बस से उतरीं, तो उन्होंने अपने बैग की चैन खुली पाई और सोने की चूड़ियों का जोड़ा गायब पाया। पीड़िता ने तुरंत कोक ओवन थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने बांकुड़ा मोड़ के आस-पास के सभी CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 अगस्त को आसनसोल के बर्नपुर-हिरापुर इलाके से मुख्य आरोपी कल्याणी बेद को गिरफ्तार कर लिया। तीन दिन की पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी के पास से शत-प्रतिशत चोरी गया सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया।फिलहाल पुलिस यह भी खंगालने में जुटी है कि इस घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है, जो बस यात्रियों को अपना निशाना बनाता है।गहने सुरक्षित वापस मिलने पर पीड़िता बानू शेख और उनके पूरे परिवार ने राहत की सांस ली है और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की कार्यकुशलता, तत्परता व संवेदनशीलता की खुलकर प्रशंसा की है।यह सफल ऑपरेशन एक बार फिर साबित करता है कि आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आम जनता की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद और प्रतिबद्ध है। ऐसी त्वरित और सराहनीय कार्रवाई से जनता का खाकी पर भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?